ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सडक हादसा, 2 महिलाओं समेत तीन की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

ABHISHEK SHARMA

यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। जिसमें जिसमें दो महिलाओं और एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।

जिन्हें इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, हादसा ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि यह हादसा कोहरे के चलते हुआ। जिस कारण वाहनों की भीषण टक्कर हो गई।

वहीं हादसे की सूचना मिलने पर जेवर कोतवाली पुलिस और यमुना एक्सप्रेस-वे का बचाव दल मौके पर पहुंचा। उन्होंने हताहत हुए लोगों को वाहन से बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए पास के एक प्राइवेट अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में 3 लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इनमें 2 महिलाएं शामिल हैं।

वहीं दो घायलों का इलाज जारी है। जिनकी जानकारी जुटाई जा रही ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को यमुना एक्सप्रेस-वे से हटवा दिया गया है। जिसके बाद अब यातायात संचालन सही तरह से हो रहा है।

गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते हादसों और कोहरे के मद्देनजर सोमवार रात 12:00 बजे से वाहनों की रफ्तार घटा दी गई है। नए नियमों के अनुसार यमुना एक्सप्रेस-वे पर 15 फरवरी 2021 तक के लिए छोटे वाहनों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा और बड़े वाहनों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित कर दी गई है।

अभी तक कार और दूसरे हल्के वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से यमुना एक्सप्रेस-वे पर दौड़ सकते थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.