गौतमबुद्ध नगर में 100 हुआ कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा, आज तीन महिलाएं पाई गई पॉजिटिव
Abhishek Sharma
पूरे देश में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी कोरोना की स्थिति चिंतनीय बनी हुई है। वहीं गौतमबुद्ध नगर की बात करें तो यहां कोरोना के आंकड़ा शतक लगा चुका है। आज जिले में कोरोना से संक्रमित तीन महिलाएं पाई गई हैं।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित चैरी काउंटी सोसाइटी में आज एक 33 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। जिसको स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आइसोलेशन में भेज दिया गया है।
वही नोएडा के सेक्टर 55 में एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सेक्टर 34 के बी ब्लॉक में रहने वाली 52 वर्षीय महिला को भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
आज गौतमबुद्ध नगर जिले में 3 और कोरोना पॉजिटिव मरीज की रिपोर्ट मिलने पर कुल संख्या बढ़कर 100 पर पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने तीनों स्थानों को सील करा दिया है और कंटेनमेंट जोन घोषित करने की तैयारी है।
तीनों स्थानों के 1 किलोमीटर दायरे तक सभी गतिविधियों पर पाबंदी लगाई जाएगी। यहां केवल आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति करायी जा सकेगी।
गौतम बुद्ध नगर के जिला अधिकारी सुहास एलवाई ने जानकारी देते हुए बताया कि आज ग्रेटर नोएडा वेस्ट की चेरी काउंटी सोसाइटी, नोएडा के सेक्टर 55 सेक्टर 34 समेत 3 कोरोना पॉजिटिव महिला मरीज मिली है। जिसके बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में आज 95 लोगों का करुणा टेस्ट हुआ जिनमें से तीन महिलाएं पॉजिटिव पाई गई हैं बाकी अन्य रिपोर्ट नेगेटिव हैं उन्होंने बताया कि जिले में राहत की बात यह है कि यहां पर 100 में से 43 लोग ठीक होकर अपने घर वापस जा चुके हैं वहीं अभी इस लाल वर्तमान में 57 एक्टिव केस हैं।
बता दें कि जिले में कोरोना संक्रमण के चलते 30 स्थान चिन्हित कर हॉटस्पॉट के तौर पर घोषित किए जा चुके हैं। आपको बता दें कि बीते रविवार को जिले के आला अधिकारियों की एक बैठक हुई थी। जिसमें कई अहम फैसले लिए गए।
जिलाधिकारी सुहास ने बताया कि जिन क्षेत्रों में कोरोना का एक मरीज मिलेगा, वह क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा। क्षेत्र के आसपास 1 किलोमीटर के दायरे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर हर चीज पर पाबंदी रहेगी।
वहीं जहां 2 या उससे अधिक क्लस्टर में कोरोना मरीज मिलेंगे, उस क्षेत्र में 3 किलोमीटर के दायरे में सभी गतिविधियों पर पाबंदी रहेगी। वही 2 किलोमीटर का बफर जोन भी होगा