यूपी : पिछले 24 घंटे में कोरोना के 412 नये मरीज, 10,947 हुआ कुल मरीजों का आंकडा
Abhishek Sharma
अनलॉक-फेज वन का आज 9वां दिन है। केंद्र की गाइडलाइंस के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने आमजन के लिए लगभग सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान, धर्मस्थल और अन्य सुविधाएं खोल दी हैं। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के कपाट भी आज से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
सोमवार की शाम यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महादेव की पूजा-अर्चना कर ऑनलाइन अनुष्ठान का शुभारंभ किया। प्रदेश में कोरोना वायरस भी तेजी से फैल रहा है।
बीते 24 घंटे में 20465 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई। इनमें 412 नए संक्रमित मिले। 8 की जान गई। राज्य में संक्रमितों की संख्या 10,947 पहुंच गई है। मरने वालों का आंकड़ा 283 हो गया है। हालांकि, अब तक 58 फीसदी मरीज ठीक हो चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में अनलॉक के दूसरे हफ्ते में योगी सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। लॉकडाउन का उल्लंघन, जानकारी छिपाने औरकोरोना संक्रमण फैलाने के आरोप में तब्लीगी जमात के 1725 लोगों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया है। इनमें 1550 भारतीय और 175 विदेशी जमाती हैं।
दरअसल, प्रदेश के विभिन्न जिलों में 323 केस दर्ज किए गए थे। सबसे ज्यादा मेरठ जोन में जमातियों के खिलाफ 137 केस दर्ज हुए हैं। इनमें 1494 जमातियों को अभियुक्त बनाया गया है। इनमें 171 विदेशी भी शामिल हैं। 137 केस में 87 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी और 50 मामलों में बाकी है।
मेरठ के बाद 373 जमातियों के खिलाफ सबसे ज्यादा 60 केसबरेली जोन में दर्ज हुए। बरेली जोन में 47 मामलों में 302 जमातियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। 71 के खिलाफ अभी चार्जशीट बाकी है।