यूपी : एक दिन में सर्वाधिक 630 मरीज मिले, कुल आंकडा हुआ 15,785
Abhishek Sharma
Noida (19/06/2020) : उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार को कोरोना से संक्रमित 630 नए मरीज मिले हैं। यह अब तक एक दिन में मिले सर्वाधिक मरीज हैं। बृहस्पतिवार को एक दिन में अधिकतम मरीज मिलने के साथ ही सर्वाधिक 399 मरीजों के डिस्चार्ज होने का भी रिकॉर्ड बना।
अब प्रदेश में एक्टिव केस 5659 हैं, जबकि 9638 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। प्रदेश में बृहस्पतिवार को 23 मरीजों की मौत भी रिपोर्ट की गई है। अब तक 488 मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 15,785 तक पहुंच गया है।
औरैया जिले में गुरुवार शाम आई रिपोर्ट में पिता-पुत्री समेत तीन और लोग संक्रमित निकल आए हैं। ये सभी लोग दिल्ली से आए थे। वर्तमान में कुल 23 हॉटस्पॉट क्षेत्र हैं। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 77 हो गई है। इनमें से 31 एक्टिव केस हैं। 44 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इनमें से प्रवासी 37 लोग हैं। दो की मौत हो चुकी है।
आगरा के दो और कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है। दोनों का इलाज सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। गुरुवार को दोनों की मौत हो गई। इससे मृतकों की संख्या 72 हो गई है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उधर, नौ नए मरीज भी मिले हैं। अब संक्रमितों की संख्या 1116 हो गई है। 16 मरीज डिस्चार्ज भी हुए हैं। अब तक 908 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
मथुरा में गुरुवार की शाम नौ लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके साथ जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 217 हो गई है।