कोरोना वायरस : उत्तर प्रदेश में 82 नए मामले आए सामने, 1955 हुई कुल संख्या
Abhishek Sharma
Greater Noida (27/04/2020) : उत्तर प्रदेश में सोमवार को 82 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। अब तक कुल 1955 पॉजिटिव कोरोना के मामले हो गए हैं। इनमें 31 की मौत हो चुकी है। 335 डिस्चार्ज हो चुके हैं। इस तरह अब तक 1589 एक्टिव केस हैं। 9 ज़िलों में कोई भी कोरोना संक्रमित मरीज़ नहीं पाया गया है।
प्रदेश सरकार अब तक पीलीभीत को कोरोना मुक्त घोषित कर चुके थे, पर वहां भी आज एक कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आ गया। इंदौर से आया एक श्रमिक कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
यह जानकारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सोमवार को अपर मुख्य सचिव गृह व सूचना अवनीश अवस्थी के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि हर ज़िले में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में अस्पतालों में मेडिकल इन्फेक्शन रोकने के लिए एक समिति बनाई गई है। इस समिति में जिला व महिला चिकित्सालय के डॉक्टर, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ के प्रतिनधि व प्रदूषण नियंत्रक बोर्ड के अधिकारी शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन्फेक्शन रोकने के लिए दो दिन के अंदर बड़े ज़िलों के निजी चिकित्सालयों के लिए 10 और छोटे ज़िलों के 5 डॉकटरों को प्रशिक्षित कर दिया जाएगा ।
हालांकि, निजी अस्पतालों के 2500 डॉक्टरों को पहले से ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। लेकिन अब अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में बनी समिति मौके पर ही मेडिकल इन्फेक्शन रोकने के लिए डॉक्टरों को प्रशिक्षित करेगी।