नॉएडा में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के नाम पर ठगी का बड़ा खेल, मध्यप्रदेश से युवक को गुमराह कर बुलाया, फर्जी निकला कंपनी का पता!

ROHIT SHARMA / ASHISH KEDIA

(21/02/18) नॉएडा :–

देश में आज सबसे बड़ी कोई समस्या है तो वो है बेरोजगारी और इसी बेरोजगारी को दूर करने के लिए हमारे देश के युवा आज दर-ब-दर भटक रहे है और कुछ युवा तो नौकरी की चाह में ठगी का शिकार हो जाते है। एक ऐसा ही मामला देश की राजधानी दिल्ली से सटे नॉएडा क्षेत्र में सामने आया जहाँ नौकरी दिलाने के नाम पर भोपाल का रहने वाला युवक सुरेश ठगी का शिकार होते होते बचा |

चौकाने वाली बात यह रही की प्रधानमंत्री द्धारा चलाए जा रहे कौशल विकास योजना का भी अब ऐसे फ़र्ज़ी लोग इस्तेमाल करके देश के निवासियों के साथ ठगी करने का काम शुरू कर दिया है।

इस घटनाक्रम में भोपाल के रहने वाला सुरेश को अज्ञात लोगों ने कौशल विकास योजना के माध्यम से नौकरी देने का पत्र भेजा | साथ ही इस पत्र को प्राप्त करके सुरेश भोपाल के नजदीक अपने गाँव से नोएडा पहुँचा। यहाँ आने से पहले भी कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा उससे 2500 रुपये सिक्योरिटी के नाम पर डिपाजिट करवाने की बात की गई थी जिससे उसने इंकार कर दिया था।



हालांकि उसके बाद भी युवक को आगे की कार्यवाही के लिए नॉएडा बुलाया गया। जब सुरेश नोएडा पहुँचा तो देखा की इस नाम की कंपनी नोएडा में मौजूद नहीं है | जिसको लेकर पीड़ित सुरेश ने पत्र में लिखे पता के बारे में पूछताछ शुरू की तो ज्ञात हुआ की इस तरह का कोई पता ही नॉएडा में नहीं है।

सुरेश ने बताया की कथित व्यक्ति द्वारा 14000 का सिक्योरिटी डिपाजिट भी नॉएडा आ कर जमा करने के लिए बोला गया था जिसके बाद उसे नौकरी दिलवाने का आस्वाशन मिला था।

नॉएडा के टेन न्यूज़ संवादाता से बातचीत करते हुए सुरेश ने अपने कॉल लेटर सहित वो सारे दस्तावेज भी दिखाए जो उसे भेजे गए थे। चौकाने वाली बात ये भी रही की उस युवक ने कभी कोई फॉर्म नहीं भरा था तो फिर उस लड़के का सही नाम और पता कंपनी के पास कैसे पहुँचा ?

नॉएडा की ये कथित फर्जी कम्पनियाँ मध्यप्रदेश के दूर दराज के गाँवों के नौकरी पाने के इच्छुक लड़कों का सही सही नाम पता कैसे हासिल कर रही हैं ये जरूर जांच का विषय है।

बरहाल सुरेश ने अपने परिचितों के साथ वापिस आ रिपोर्ट दर्ज करवाने की बात की है। देखना होगा की इस कथित जालसाजी के तार कहाँ तक जाते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.