शस्त्र लाइसेंस पर लगी रोक को बहाल करने के लिए लोगों ने कलेक्ट्रेट ऑफिस पर दिया धरना
Abhishek Sharma / Photo & Video By Baidyanath Halder
Greater Noida (31/01/19) : ज़िले में शस्त्र लाइसेंस बनाने पर लगी रोक के बाद लोगों में रोष का माहौल है, जिसको लेकर लोग आज सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दे रहे हैं। ज़िले के करीब 12 हजार लोगों ने हथियारों के लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया था, जिलाधिकारी बीएन सिंह ने आवेदकों की बढ़ती संख्या को देखकर लाइसेंस बनवाने पर रोक लगा दी थी।
आज सूरजपुर डीएम कार्यालय पर लोग सुबह से ही जुड़ने शुरू हो गए और धरना दे रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आवेदकों के लाइसेंस बनाए जाएं और लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को फिर से बहाल किया जाए।
अधिवक्ता कपिल गुर्जर ने बताया कि हमारी मांगे पूरी तरह से स्पष्ट हैं, जिन 12 हजार लोगों ने शस्त्र बनवाने के लिए आवेदन किया था, उनमे से बड़ी संख्या में अपराध पीड़ित लोग भी हैं। जिन्होंने अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शस्त्र बनवाने के लिए डीएम के समक्ष आवेदन किया था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शस्त्र लाइसेंस पर रोक लगाईं गई है उन लोगों के लाइसेंस देर न करते हुए जारी किए जाएं। जिससे कि वो लोग अपनी सुरक्षा खुद कर सकें।
उन्होंने कहा कि ज़िले में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। पुलिस-प्रशासन इसपर रोक लगाने में भी नाकामयाब हो रही है। लोगों में भय का माहौल बना रहता है। लोग चाहते हैं कि वे अपनी सुरक्षा का जिम्मा खुद उठाएं। जिसके चलते ही उन्होंने लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया था। डीएम द्वारा शस्त्र लाइसेंसों पर रोक लगाने के बाद से लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरा है।
उन्होंने आगे कहा कि खुद ज़िले के डीएम ने 31 दिसंबर को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा के लिए मांग की थी। उन्होंने भू-माफिया व गैंगस्टरों से अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। जब इस ज़िले में अधिकारी को जान का खतरा हो सकता है तो लोग कैसे सुरक्षित रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज इस धरने के बाद मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपा जाएगा और जिन 12 हजार लोगों के शस्त्र लाइसेंस विलंबित हैं उन्हें जल्द से जल्द लाइसेंस जारी किए जाएं।