बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर में की थी चोरी, नोएडा पुलिस ने किया गिरोह का भंडाफोड़
Abhishek Sharma / Baidyanath Halder
Greater Noida (28/11/2019) : नोएडा पुलिस लगातार अपराधियों पर लगाम कसने के लिए अभियान चला रही है और अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में नोएडा पुलिस ने बीती रात करीब 1:30 बजे सेक्टर 62 से फ्लैट में चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों की निशानदेही पर 15 लाख से अधिक नकदी आभूषण बरामद किए गए हैं।
बता दें कि गिरफ्तार किए गए बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं एवं इनके द्वारा एनसीआर में पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। पुलिस की पूछताछ में इनके द्वारा की गई कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।
इस संबंध में गौतम बुद्ध नगर के एसएसपी वैभव कृष्ण ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि सेक्टर 58 थाना पुलिस ने रात 1:30 बजे सेक्टर 62 के डी पार्क के पास से तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों ने हाल ही में सेक्टर 62 के 2 फ्लैटों में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
वहीं, पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि इन्होंने 20 नवंबर 2019 को सेक्टर 4 द्वारका नई दिल्ली में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय जगन्नाथ मिश्रा के नीलांचल अपार्टमेंट में चोरी की थी। इन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के घर से 54 लाख रुपए नगद व आभूषण चोरी किए थे।
बदमाशों के पास से जो पैसे बरामद किए गए हैं, वह इसी चोरी से संबंधित हैं। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त हरि प्रकाश उर्फ काला निवासी नरेला, हरीश उर्फ मुकेश निवासी खजूरिया दिल्ली, मोहन वर्मा निवासी जिला अलीगढ़ है।
एसएसपी ने बताया कि मोहन वर्मा पेशे से सुनार है जो ₹25000 प्रति 10 ग्राम सोने के आभूषण की दर से चोरी के आभूषण खरीदता था। हरि प्रकाश पेशेवर अपराधी है जिसके खिलाफ हत्या, चोरी समेत कई अभियोग पंजीकृत हैं। पकड़े गए अभियुक्त पहले भी कई अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।
