ग्रेटर नोएडा : बसपा नेता, पत्नी व बेटे पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
ABHISHEK SHARMA
Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और बसपा के नेता रविंद्र भाटी, उनके बेटे और पत्नी पर फ्रॉड करने का केस दर्ज किया गया है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज किया है। बसपा के नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रविंद्र भाटी जेपी ग्रींस सोसायटी में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
उनके बेटे अरुण भाटी और पत्नी पुष्पा को भी आरोपी बनाया गया है। इन तीनों पर कार, जमीन कब्जाने और फर्जी तरीके से रुपये निकालने के प्रयास का आरोप है। जेपी ग्रींस में ही रहने वाले पीड़ित भव्य शर्मा का कहना है कि अरुण भाटी के साथ उन्होंने पार्टनरशिप में एक फर्म चलाई थी। अगस्त में अरुण उनकी फॉच्र्यूनर कार मांगकर ले गए और उसमें रखा बैंक का चेक चोरी कर लिया। उस चेक से 2.70 लाख रुपये निकालने की कोशिश की।
अरुण से गाड़ी मांगी तो उसने साढ़े 3 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए और 10 लाख बाद में देने की बात कही। पार्टनरशिप में कंपनी थी। उसके नाम पर एक पोर्श क्यान कार थी, जिसे किसी अनजान को बगैर जानकारी दिए बेच दी। आरोप है कि रविंद्र ने जगनपुर गांव में किसी और की जमीन गवाह बनकर रजिस्ट्री करवा दी, लेकिन उस खसरा नंबर की वहां जमीन ही नहीं है। जो जमीन दिखाई गई थी, उस पर रविंद्र का कब्जा है।
एसएसपी से इस मामले में शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। अरुण शर्मा ने न्यायालय में मुकदमा दायर किया। अदालत ने सीआरपीसी की धारा 156 (3) की शक्तियों का प्रयोग करते हुए मामले में पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।