अधिकतम 7.88 फीसदी तक ही फीस वृद्धि कर सकेंगे निजी स्कूल, डीएम का अहम फैसला
ABHISHEK SHARMA / ROHIT SHARMA
गौतमबुद्ध नगर जिले में मनमाने तरीके से फीस वसूलने व नियमों का पूर्ण रूप से पालन न करने वाले निजी स्कूलों को सही राह पर लाने के लिए सेक्टर 27 स्थित डीएम कैंप कार्यालय में जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक हुई। इस दौरान डीएम की अध्यक्षता में सभी स्कूलों को सत्र 2020-21 में अधिकतम 7.88 फीसद तक ही फीस वृद्धि करने की अनुमति देने का अहम फैसला लिया गया है।
इससे ज्यादा कोई भी स्कूल व कॉलेज फीस बढ़ाएगा तो उसपर कार्यवाही की जाएगी। शुल्क नियामक समिति की पिछली बैठक में जिले के चार स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 1,75,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, साथ ही बढ़ी हुई फीस अभिभावकों को एक सप्ताह के अंदर वापस करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान बताया गया कि पिछली बैठक में बिलाबोंग इंटरनेशनल स्कूल नोएडा, रामाज्ञा स्कूल सेक्टर 50 नोएडा, मॉडर्न पब्लिक स्कूल शाहबेरी, रयान इंटरनेशनल नोएडा एक्सटेंशन पर समिति द्वारा पूर्व में लगाए गए अर्थदंड को जमा करा दिया गया है एवं बड़ी हुई फीस को वापस ले लिया गया है।
वहीं अगली बैठक में मॉडल स्कूल सेक्टर 11 नोएडा ने 2019 सत्र में बढ़ाई गई फीस से अभिभावकों को अप्रैल की फीस वापस कर दी है, लेकिन उसके बाद दो माह की फीस बची हुई है। जिला शुल्क नियामक समिति ने मॉडल स्कूल सेक्टर-11 को छोड़कर शेष प्रकरणों को निक्षेपित करने का निर्णय लिया है।
पिछली बैठक में सेक्टर-34 स्थित बिलाबोंग स्कूल पर अभिभावकों द्वारा आरोप लगाया गया था कि स्कूल ने ऐसी किताबें लगाई हुई हैं, जोकि दिल्ली एनसीआर में नहीं मिल रही हैं जिसकी वजह से अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके बाद विद्यालय पर नियमों का पूर्ण रूप से पालन न करने के लिए 25 हजार का जुर्माना लगाया गया था। शुक्रवार को हुई बैठक में स्कूल ने जानकारी दी कि अब किताबें स्कूल में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ नीरज कुमार पाण्डेय ने बताया कि अब निजी स्कूल में नर्सरी से लेकर 12वीं तक सभी कक्षाओं में फीस बढ़ाने के लिए स्कूल को नियमों का पालन करना होगा और वह अधिकतम 7.88 फीसद ही फीस बढ़ा सकते हैं।
गौरतलब है कि अबतक कई स्कूल 15 फीसद तक भी फीस बढ़ा रहे थे। तो कई स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे थे, जिनपर बीते दिनों समिति द्वारा कार्यवाही की गई थी।