Bad News : गौतमबुद्ध नगर में 16 लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि, 80 हुए कुल पॉजिटिव केस

Abhishek Sharma

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में 16 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। जिससे जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन के मुताबिक इन 16 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों में 9 नोएडा सेक्टर 5 और सेक्टर 8 के रहने वाले हैं। इन सभी का संबंध सीज फायर कंपनी से बताया गया है।

वहीं दो अन्य संक्रमित लोग कुलेसरा के हैं। इन दोनों का संबंध दिल्ली में हुए धार्मिक जलसे से है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए अन्य तीन मरीजों का संबंध नोएडा सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस हॉस्टिपल से है।

वहीं 1 संक्रमित व्यक्ति ग्रेटर नोएडा के ईटा वन सेक्टर का है। जबकि एक स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना से संक्रमित पाया गया है। नोएडा में जो 16 नए कोरोना मरीज मिले हैं ये सभी पहले से ही क्वॉरंटीन हैं।

गौतमबुद्ध नगर जिला निगरानी अधिकारी सुनील दोहरे ने बताया कि सोमवार शाम जिले के कुल 244 लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट आई। जिसमें 228 में इस वायरस के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई, जबकि 16 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।

वहीं उन्होंने बताया कि 80 मरीजों में से 13 लोग अब तक स्वस्थ होकर ​अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं रिकवर हो चुके और 9 मरीजों को आज डिस्चार्ज किया जाएगा।

गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि जिले में कोरोन के अब तक जो 80 मामले रिपोर्ट हुए हैं उनमें से 40 एक ही व्यक्ति के संपर्क में आने की वहज से संक्रमित हुए हैं। यह व्यक्ति सीज फायर कंपनी का ऑडिटर है।

आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुल 22 कोरोना हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं। इन हॉटस्पॉट को पूरी तरह सील कर दिया गया है और लोगों की आवाजाही बंद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.