गौतमबुद्धनगर : 71 मरीज हुए डिस्चार्ज, एक्टिव केस हुए 44, आज दो मासूम समेत तीन लोग मिले पॉजिटिव
Abhishek Sharma
Greater Noida (26/04/2020) : गौतम बुद्ध नगर जिले में कोरोना वायरस पर लगाम कसने के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग हर संभव कोशिश कर रहा है जिसके फलस्वरूप आज जिले में कोरोना से संक्रमित 12 मरीज स्वस्थ होकर घर भेजे गए हैं वहीं तीन लोग आज कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। जिनमें से 2 लोग ग्रेटर नोएडा तो एक नोएडा का रहने वाला है।
गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में अब तक 71 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। आज ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव में 9 वर्षीय बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई है, जिसको आइसोलेशन में भर्ती करा दिया है।
वहीं ग्रेटर नोएडा के तिलपता में एक 32 वर्षीय व्यक्ति को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। वहीं तीसरा केस नोएडा केस नोएडा के सेक्टर 8 में सामने आया है। जहां 10 वर्षीय बच्ची कोरोना संक्रमित मिली है। तीनों को ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया है।
जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने ट्वीट करते हुए बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के स्वास्थ होने के मामले में गौतम बुद्ध नगर पहले स्थान पर है। यहां अब तक 65 परसेंट से अधिक मरीज स्वस्थ होकर घर भेजे जा चुके हैं।
आज ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान से 8 मरीज डिस्चार्ज किए गए। जिसमें 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल है। शुरुआत में बुजुर्ग महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ रही थी लेकिन डॉक्टरों की टीम ने कड़ी मेहनत और अथक प्रयासों से महिला को फिर से स्वस्थ बना दिया है।
इसके अलावा चार अन्य मरीज भी डिस्चार्ज किए गए हैं। जिसके बाद अब जिले में एक्टिव केसों की संख्या 44 है और कुल 71 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दिए गए हैं।