गौतमबुद्धनगर : धडल्ले से बेच रहे शराब, लाॅकडाउन खुलने के बाद स्टाॅक का लिया जाएगा हिसाब
Abhishek Sharma
नोएडा : लॉकडाउन के बावजूद गौतमबुद्ध नगर जिले में कई जगहों पर अवैध तरीके से शराब बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसको लेकर पिछले दिनों कई फोटो भी ट्विटर पर वायरल हुए थे। आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।
लॉकडाउन खुलने के बाद विभाग जिले के सभी शराब ठेकों के स्टॉक की जांच करेगा। यदि ठेके का स्टॉक कम-ज्यादा मिला तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।
लॉकडाउन की घोषणा के बाद सरकार ने सिर्फ आवश्यक सामानों की दुकानों को ही खोलने की छूट दी है। शराब, सिगरेट, बीड़ी और गुटखा की बिक्री पर रोक थी। इसके बावजूद जिले में बीड़ी, सिगरेट व गुटखा सहित अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है।
कई जगहों पर हरियाणा मार्का की शराब बिक रही है तो कहीं यूपी के ठेकों की शराब की बिक्री हो रही है। पुलिस को शक है कि ठेके पर काम करने वाले कुछ कर्मचारी अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। ठेकेदार ने कर्मचारियों को ही ठेके की चाबी दे रखी है।
ऐसे में आबकारी विभाग की तरफ से लॉकडाउन खुलने के बाद शराब दुकानों के स्टॉक की जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि ठेके में स्टॉक कम या ज्यादा मिला तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
50 तस्कर धरे पुलिस लॉकडाउन के दौरान 50 से ज्यादा शराब तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अभी तक करीब दस लाख रुपये से ज्यादा की अवैध शराब बरामद कर चुकी है। आबकारी टीम ने पुलिस के साथ मिलकर 24 से अधिक शराब तस्करी के अड्डों पर छापेमारी की है।