दादरी पुलिस ने मुठभेड में 2 बदमाशों को गोली मारकर किया गिरफ्तार, लूट का माल बरामद
ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस हाई-वे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने शनिवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल दोनों बदमाशों के पास से लूटे हुए 6 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, अवैध हथियार तथा 6,600 रुपए नगद बरामद हुए हैं।
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 28 अप्रैल को देर रात बदमाशों ने ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस हाई-वे पर ट्रक चालकों के साथ मारपीट करके तीन मोबाइल फोन, नकदी आदि लूटा था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही थाना दादरी पुलिस को शनिवार देर रात को सूचना मिली कि कुछ बदमाश ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस हाई-वे पर लूटपाट करने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू की। वहां से दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे कुछ लोगों को शक होने पर पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन उन लोगों ने रुकने के बजाय गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।