कोरोना का कहर, दिल्ली में कोरोना के 4549 मरीज, 24 घंटे में 427 नए मामले
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 427 नए मरीजों में कोविड-19 की पुष्टि हुई जो एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। डेटा के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में हर घंटे 17 लोग कोरोना वायरस के शिकार हो रहे हैं।
दिल्ली में कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या 4,549 हो गई है। यहां 1,362 मरीजों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। 64 लोगों की कोविड-19 के चलते मौत हो चुकी है।
दूसरी तरफ, लॉकडाउन 3.0 आज से लागू हो गया हैं । मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि केंद्र सरकार ने जो रियायतें दी हैं, वे सभी छूट दिल्ली में दी है | उन्होंने कहा कि हम लंबे समय तक लॉकडाउन को बरकरार नहीं रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था संकट में है।
दिल्ली सरकार के मुताबिक, दो और इलाके डी-कंटेन किए गए हैं। इनमें बंगाली मार्केट और दक्षिण दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश में स्थित कैलाश हिल्स में हाउस नंबर 97 से 107 और 120 से 127 शामिल हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि अब तक सात क्षेत्रों को डी-कंटेन किया जा चुका है और अब सक्रिय कंटेनमेंट जोन शहर में 94 हैं।
दिल्ली में कोरोना का पहला मामला चार मार्च को आया था और उस सप्ताह केवल तीन ही मामले सामने आए थे। दूसरे सप्ताह के अंत(9-15 मार्च) में एक मौत के साथ केवल सात मामले ही थे। तीसरे सप्ताह तक, पॉजिटिव मामलों की संख्य 72 हो गई और मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई। चौथे सप्ताह के अंत तक, मरकज घटना का पता चला और पांचवें सप्ताह की शुरुआत में 2300 से अधिक लोगों को निजामुद्दीन की एक ही इमारत से निकाला गया।
पांचवें सप्ताह के अंत तक राष्ट्रीय राजधानी में कुल 503 मामले सामने आए, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। इसी तरह मामले बढ़ते रहे और 19 अप्रैल तक मामले 2003 तक पहुंच गए और 45 लोगों की मौत हो गई। आठवें हफ्ते(20-26 अप्रैल) 915 नए मामले सामने आ गए, जबकि कुल मामले 2,918 हो गए और 54 लोगों की मौत हो गई।