दिलचस्प किस्सा : नोएडा की महिलाओं ने लाॅकडाउन में बना डाली 5 लाख रोटियां, जानें पूरा मामला*
Abhishek Sharma
नोएडा : लॉकडाउन के दौरान सेक्टर, सोसाइटी और सरकारी विभाग अपने हिसाब से जरुरतमंद लोगों की मदद कर रहे हैं। वहीं महिलाएं भी इस काम में पीछे नहीं है। महिलाएं जरुरतमंदों की मदद करने के साथ ही एकता की मिसाल भी पेश कर रही हैं।
इसी कड़ी में नोएडा की लगभग पचास सोसाइटियों की महिलाओं ने जरुरतमंदों के लिए पांच लाख रोटियां बना डालीं। ताकि संकट की घड़ी में कोई भी भूखा नहीं सोए। 12 अप्रैल को चार सौ रोटियां एकत्र कर पहली बार सेवन एक्स की चार सोसाइटियों से शुरु हुआ यह अभियान अब शहर की करीब पचास सोसाइटियों तक पहुंच गया है।
सेवन एक्स की पैंतीस सोसाइटियों से शनिवार तक तीन लाख पैंतीज हजार रोटियां प्राधिकरण को पहुंचाई जा चुकी हैं। रोटी बैंक मिशन से जुड़े गिरिराज ने बताया कि हर दिन तीस हजार से ज्यादा रोटियां एकत्रित कर पचास से ज्यादा वाहनों के माध्यम से पांच कम्युनिटी किचन में पहुंचाया जा रहा है।
वहीं 121 होम्स से लेकर शहर के 15 सेक्टरों और सोसाइटियों में भी अभियान चलाया जा रहा है। यहां से करीब एक लाख 65 हजार रोटियां जरुरतमंद लोगों तक पहुंचाई गईं।
सेक्टर 119 स्थित एल्डिको अमनतारन सोसाइटी मदद करने में सबसे आगे है। लोगों का कहना है कि सभी का एक ही मकसद है ज्यादा से ज्यादा लोगों की मदद करना ताकि कोरोना के खिलाफ इस जंग में कोई भूखा ना सोए।
इस काम में महिलाओं द्वारा बनाई गईं रोटियां सोसाइटयों के गेट तक पहुंचा दी जाती हैं। यहां से प्राधिकरण की टीम हर दिन रोटियां ले जाकर जरुरतमंदों में वितरित करती है। सोसाइटी की महिलाएं अपने हाथ की रोटियां जरुरतमंदों तक पहुंचने से काफी सुकून महसूस कर रही हैं।