दिल्ली के रेड जोन में भी लोगों को मिलेगी छूट, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्य में बने रेड जोन में छूट देने का खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत रेड जोन में भी लोगों को छूट दी जाएगी।
दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव ने आदेश जारी कर कहा कि केंद्र सरकार ने रेड जोन के लिए जो भी छूट दी है, उसे डिस्टि्रक्ट मजिस्ट्रेट (डीएम) की ओर से लागू करवाया जाए। आपको बता दे कि दिल्ली सरकार ने इसे तीन मई को ही मंजूरी दे दी थी।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था कि स्थानीय जिला और पुलिस प्रशासन छूट को लागू नहीं कर रहा है। इसके बाद मुख्य सचिव ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार आवश्यक सेवा से जुड़े सरकारी कार्यालय में सौ फीसद अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित होंगे।
वहीं जो आवश्यक सेवा से जुड़े कार्यालय नहीं हैं, वहां उपसचिव स्तर व शेष अधिकारी सौ फीसद पहुंचेंगे, जबकि अन्य 33 फीसद कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। निजी कार्यालय भी खुलेंगे, जहां 33 फीसद लोग काम करेंगे।
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में कोरोना का संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ा है। करीब हर दिन 300 से अधिक मामले आ रहे हैं। शुक्रवार को भी कोरोना के 338 नए मामले सामने आए। इस वजह से दिल्ली में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 6000 को पार कर गया। वहीं दो मरीजों की मौत हो गई। इस वजह से मृतकों की संख्या 68 पहुंच गई। इसके अलावा 89 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में अब तक कोरोना के 6318 मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें से अब तक 2020 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं मौजूदा समय में 4250 मरीज संक्रमित हैं, जो उपचाराधीन हैं। इनमें से अस्पतालों में 1451 मरीज भर्ती हैं। लोकनायक अस्पताल में सबसे अधिक 505 मरीज भर्ती हैं।