लखनऊ : ग्रीन जोन में आज खुलेंगे निजी दफ्तर, बस सेवा भी होगी शुरू, गाइडलाइन जारी
Abhishek Sharma
लखनऊ में निजी दफ़्तरों को आज से खोलने की मंजूरी दी गई है। राजधानी में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक के लिए अनुमति दी गई है और इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को पूरी तरह मानना होगा। उल्लंघन करने पर कर्मचारी, प्रबंधक और मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी।
नियमों के मुताबिक़ दफ़्तरों में कुल क्षमता के 33 फ़ीसदी कर्मचारी दफ़्तर आ सकते हैं। इसमें रोस्टर प्रणाली लागू होगी। दफ़्तरों को इसकी सूचना संबंधित थाने में देने के साथ शपथपत्र लगाकर दफ़्तर पर रखना होगा।
इसके अलावा आज से प्रदेश के ग्रीन जिलों में केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार बस की सेवाएं शुरू हो जाएंगी। एमडी परिवहन निगम ने बसों को चलाया जाने को लेकर निर्देश भी जारी किए हैं। ग्रीन जोन जिलों की सीमा के अंदर सभी मार्गों पर बसें चलेंगी।
साथ ही प्रदेश के दो ग्रीन जोन जिलों के बीच भी यूपी परिवहन की बस सेवा शुरू होगी। यूपी परिवहन की बस में स्टाफ और यात्रियों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार निश्चित संख्या में यात्री बैठाए जाएंगे।
इसके अलावा परिवहन विभाग में बसों की निगरानी के लिए कोविड टास्क फ़ोर्स का भी गठन हुआ है। साथ ही बस स्टेशन और बसों को निरंतर सैनिटाइज किया जाएगा।