नोएडा : विद्युत निगम के 60 हजार उपभोक्ताओं ने 1 साल से नही जमा किया बिल, 2 हफ्ते में कटेंगे कनेक्शन
ABHISHEK SHARMA
नोएडा : विद्युत निगम के 60 हजार उपभोक्ताओं ने पिछले 1 साल से बिजली बिल जमा नहीं किया है। विद्युत निगम ने ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित कर अंतिम नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। 2 सप्ताह में बिल नहीं जमा किया तो बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि जिले के बकायेदारों की लिस्ट तैयार की गई है। यह लिस्ट 3 से 6 महीने, 6 से 12 महीने और 12 महीने से अधिक समय तक बिल जमा नहीं करने वालों की श्रेणी बनाकर तैयार की गई है।
इसमें खुलासा हुआ है कि पिछले 1 साल में 60 हजार उपभोक्ताओं ने एक बार भी बिल जमा नहीं किया है। इन पर निगम का 28.5 करोड रुपए का बिल बकाया है। इसमें 10 हजार से अधिक 47 हजार बकाएदार हैं, जिन पर निगम का 27.8 करोड रुपए का बिल बकाया है।
बकाएदार उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम ने नकेल कसनी शुरू कर दी है। इसी तरह पिछले 6 से 12 महीने में एक बार भी बिल जमा नहीं करने वाले 24.5 हजार उपभोक्ताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी। बकाएदारों के खिलाफ अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
पिछले 3 से 6 महीने में बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 25.5 हजार है। इन उपभोक्ताओं के खिलाफ अक्टूबर के चौथे सप्ताह में नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी।