कार्यस्थल पर श्रमिकों की मौत पर रोकथाम के लिए नोएडा में एक दिन की कार्यशाला का आयोजन
Ten News Network
नोएडा : प्रदेश के श्रम एवं सेवा योजना मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य सोमवार को सेक्टर-18 स्थित रेडिसन होटल में इंड्रस्ट्रियल सेफ्टी मैनेजमेंट पर आयोजित कार्यशाला में पहुंचे। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ कारखाना प्रमुखों को कार्यस्थल पर श्रमिकों के साथ होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने, सुरक्षा बीमा प्रदान करने व बीमारियों से बचने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में कारखाना पंजीयन की संख्या बढ़कर दोगुनी हुई है। जहां 2017 से पूर्व कारखाना पंजीयन संख्या करीब 34 लाख थी वह बढ़कर अब 72 लाख हो गई है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, सुरक्षा के प्रति व्यक्तिगत और सामूहिक दायित्व से अवगत होने, सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करने, प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्राप्त जानकारी व सुझाव पर अमल करने का संदेश दिया।
प्रदेश के प्रभारी कारखाना निदेशक ओपी भारती ने प्रतिभागियों को सामान्य सुरक्षा पहलुओं के अलावा उनके विभाग से संबंधित सुरक्षा बिंदुओं के विषय में जानकारी दी। कार्यस्थल पर जोखिम से बचाव के उपाय, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग व सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन की महत्ता बताई।