नोएडा : पार्क और घर के अंदर मिले मरे हुए कबूतर, जागरूक नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग को दी सूचना
Ten News Network
दिल्ली समेत नौ राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद नोएडा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन हर पार्क आदि पर नजर रखे हुए है। इस बीच सोमवार सुबह एक नोएडावासी ने ट्वीट कर एक कबूतर के मरने की खबर साझा करते हुए आम लोगों और प्रशासन को भी सतर्क किया है।
नोफा अध्यक्ष राजीवा सिंह ने ट्वीट करते हुए बताया कि आज सुबह एक कुत्ता मेघदूतम पार्क सेक्टर-50 में मरा हुआ कबूतर खा रहा था। राजीव का कहना है कि इस कबूतर की मौत प्राकृतिक भी हो सकती है और बर्ड फ्लू की वजह से भी।
राजीवा सिंह ने लिखा कि हम सभी को सचेत हो जाना चाहिए और प्रशासन को सही कदम उठाने चाहिए। राजीवा ने अपने इस टैग में नोएडा प्राधिकरण की सीईओ, गौतमबुद्ध नगर के डीएम, मुख्यमंत्री कार्यालय यूपी और यूपी के चीफ सेक्रेटरी को भी टैग किया है।
वहीं एक अन्य घटना नोएडा के ही सेक्टर 82 स्थित उद्योग विहार की है , जहां ई ब्लॉक के एक मकान में बदहवास स्थिति में एक कबूतर मिला। जिसकी सूचना मकान मालिक ने सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष को दी।
अध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि जैसे ही निवासी ने कबूतर की स्थिति के बारे में उन्हें सूचित किया गया तो वे मौके पर गए और कबूतर की हालत को देखते हुए स्वस्थ्य विभाग को सूचना दी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कबूतर को अपने कब्जे में ले लिया।