पूर्व मुख्यमंत्री के भाई-भाभी हत्याकांड में ग्रेटर नोएडा पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग

Ten News Network

ग्रेटर नोएडा में थाना बीटा-दो क्षेत्र के अल्फा-2 में रहने वाले बुजुर्ग नरेंद्र नाथ और उनकी पत्नी सुमन नाथ की बृहस्पतिवार की देर रात को हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस की पांच टीम विभिन्न जगहों पर छापामारी कर रही है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की गई है।

पुलिस अफसरों ने दावा किया है कि इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान हो गई है और उनकी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। नाथ, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई थे।

 

अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार ने बताया, ‘‘थाना बीटा-दो क्षेत्र के अल्फा- 2 में रहने वाले नरेंद्र नाथ (75 वर्ष) तथा उनकी पत्नी सुमन नाथ (70 वर्ष) की बृहस्पतिवार की देर रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पुलिस को शुक्रवार सुबह मिली जब उनकी बेटी अपने माता-पिता के घर पहुंची।

 

उन्होंने ही पुलिस को घटना की सूचना दी।’’ अपर आयुक्त ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीम बनाई गई हैं। पुलिस सर्विलांस विधि, वैज्ञानिक विधि और मुखबिरी पद्धति के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई है कि दंपती की हत्या में नरेंद्र नाथ के साथ घटना वाले दिन बैठकर पार्टी करने वाले लोगों का हाथ है।’’ आयुक्त ने बताया, ‘‘उन्होंने कई लोगों को लाखों रुपए उधार दिए थे। घटना वाले दिन उनके साथ कुछ लोगों ने बैठकर शराब ली तथा उक्त घटना को अंजाम दिया।

पुलिस को वारदात करने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिल गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.