एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने नोएडा एयरपोर्ट के मास्टर प्लान को दी मंजूरी
Ten News Network
Greater Noida: नोएडा एयरपोर्ट का निर्माण शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। रक्षा मंत्रालय के बाद अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी मास्टर प्लान को मंजूरी दे दी है। अब सिर्फ ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बकास) से ही मंजूरी का इंतजार है। माना जा रहा है बकास से इसी माह मंजूरी मिल जाएगी।
नोएडा एयरपोर्ट को बनाने का जिम्मा ज्यूरिख एयरपोर्ट कंपनी को मिला है। कंपनी ने अनुबंध से 60 दिन के भीतर ही मास्टर प्लान सबमिट कर दिया। इस मास्टर प्लान पर राज्य सरकार के साथ ही केंद्र की तीन प्रमुख एजेसिंयों से अनुमति जरूरी थी।
सबसे पहले रक्षा मंत्रालय ने इस पर मंजूरी दे दी। उसके बाद सोमवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी मंजूरी दे दी। दोनों ने कुछ सुझाव भी दिए हैं। अब तीसरी एजेंसी ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से मिलना शेष है। यहां से भी बहुत जल्द अनुमति मिल सकती है।
तीनों संस्थाओं की तरफ से सुझावों पर ज्यूरिख कंपनी से अमल कराने के लिए यीडा सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। यह मास्टर प्लान पर आखिरी औपचारिकता होगी।
उसके बाद नींव रखे जाने की तिथि तय कर दी जाएगी। प्रधानमंत्री के हाथों इसकी नींव रखी जानी है। ऐसा माना जा रहा है कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह या मई में इसकी नींव रखी जा सकती है।