यमुना प्राधिकरण की नई पहल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक भूखंड किये आवंटित
Ten News Network
ग्रेटर नोएडा :– यमुना प्राधिकरण अपने क्षेत्र में सभी सुविधाओं को उपलब्ध कराने में लगा हुआ है| आपको बता दें कि आने वाले समय मे यमुना क्षेत्र के निवासियों को बहुत बड़ा तोहफा मिलने वाला है। जी हाँ क्षेत्र में स्कूल, मेडिकल और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए यमुना प्राधिकरण लगातार कार्य कर रही है, साथ ही जमीन आवंटित कर रही है, जिससे जल्द से जल्द क्षेत्र के निवासियों को स्वास्थ्य और रोजगार मिल सके, वही निवासियों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके।

यमुना प्राधिकरण ने मेडिकल और केमिकल आदि कारोबार से जुड़ी तीन कंपनियों व एक संस्था को लगभग 10 एकड़ भूमि आवंटित की है। इससे क्षेत्र में 325 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और 3500 लोगों को रोजगार मिलेगा।
बता दे कि एक कंपनी कोरोना की थर्ड वेव के मद्देनज़र बच्चों के लिए 5 हजार वर्ग मीटर में अस्पताल बनाएगी। वहीं, केमिकल, इंक आदि का उत्पाद करने वाली कंपनी यहां 275 करोड़ का निवेश करेगी, जबकि एक कंपनी यहां सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनाएगी।
कंपनियों के प्रतिनिधियों से प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह और अन्य अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक हुई। प्राधिकरण ने मैसर्स यूफ्लैक्स लिमिटेड को सेक्टर-32 में 40 हजार वर्गमीटर का भूखंड आवंटित किया। यहां संस्था 275 करोड़ का निवेश करेगी। इस संस्था को यूपी सरकार ने मेगा सुपर मेेगा श्रेणी के अंतर्गत भूमि आवंटित की है।
ये यहां केमिकल्स, इंक, कोटिंग और गोंद आदि का उत्पादन करेगी। इससे 850 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस कंपनी की शाखाएं मैक्सिको, नाइजीरिया, हंगरी आदि में भी हैं।

वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए फिरोजाबाद के बाल रोग विशेषज्ञ मैसर्स एपेक्स मल्टीस्पेशियल्टी हॉस्पिटल समूह को सेक्टर-20 में 5 हजार वर्गमीटर भूखंड आवंटित किया है। ये समूह यहां 28 करोड़ का निवेश करेगा। कंपनी 500 लोगों को रोजगार देगी।
इसके अलावा मुंबई के जाने माने शिक्षण संस्थान श्रीविले पार्ले केलवानी समूह को सीनियर सेकेंडरी स्कूल निर्माण के लिए सेक्टर-22 ई में भूखंड आवंटित किया गया। यह संस्था बेहतरीन मैनेजमेंट कॉलेज का संचालन करती है। वहीं, सामाजिक संस्था नोएडा लोक मंच को ओल्ड ऐज होम निर्माण के लिए दो हजार वर्गमीटर भूखंड आवंटित किया गया है। संस्था यहां 5-6 करोड़ का निवेश करेगी|