हत्याकांड मामले में गवाह पर की फायरिंग
ग्रेटर नोएडा। कोतवाली ग्रेटर नोएडा एरिया में ग्राम प्रधान के बेटे पर अज्ञात बदमाशों ने शनिवार की रात ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए फरार हो गए। कई राउंड फायरिंग में वे बाल-बाल बचे। वे 3 साल पहले हुए डबल मर्डर मामले में गवाह भी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा कोतवाली एरिया के सिरसा गांव निवासी योगेन्द्र कुमार रहते हैं। योगेंद्र के पिता ग्राम प्रधान हैं। योगेंद्र ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात को वे किसी काम से ग्रेटर नोएडा से अपने घर को लिए जा रहे थे। रात करीब 9.15 बजे वे डाढ़ा गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें कार का पहिया पंचर होने का इशारा करते हुए रोकने की कोशिश की। वे अपनी कार धीमी कर ली। तभी बदमाशों ने उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। योगेंद्र का कहना है कि बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की और उन्होंने भी आत्म रक्षा के लिए अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से उन पर फायरिंग किया। जिसके बाद बदमाश फरार हो गए। इस फायरिंग में वे बाल-बाल बचे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बता दें कि योगेंद्र 9 सितंबर 2011 को हुए डबल मर्डर मामले में गवाह भी हैं। 4 सितंबर 2011 को आक्सफोर्ड के राजेश और राम किशोर की आधा दर्जन बदमाशों ने स्कार्पियो कार में अपहरण कर लिया था और दो दिन बाद दोनों का शव अजायबपुर नाले के पास दादरी कोतवाली पुलिस को मिला था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है और योगेंद्र इस हत्याकांड के गवाह हैं। योगेंद्र का कहना है कि उन पर रंजिशन फायरिंग की गई है। ग्रेटर नोएडा कोतवाली के प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक पीडि़त ने तहरीर नहीं दी है। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रेटर नोएडा कोतवाली पुलिस को योगेंद्र पर हुई फायरिंग मामला ही संदिग्ध लग रहा है। प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह का काहना है कि मौके पर जाकर पुलिस ने जांच की है और गोली के कहीं पर निशान नहीं मिले हैं। साथ ही कहीं पर खोखा भी नहीं मिला है। पीडि़त शनिवार की रात अज्ञात बदमाशों द्वारा रोके जाने की बात बताई थी, लेकिन रविवार की सुबह 10 बजे फायरिंग होने की बात बताने लगा है। पीडि़त के बयान में कई पेंच दिख रहे हैं। फिलहाल पुलिस कई एंगल को आधार बनाकर जांच कर रही है।
Comments are closed.