नोएडा के सेक्टर 62 में होगा अडानी समूह का डेटा सेंटर, प्राधिकरण ने दी जमीन, पढें पूरी खबर
Ten News Network
नोएडा :– नोएडा प्राधिकरण ने अडानी समूह को करीब 2400 करोड़ रुपये के निवेश से डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 34,000 वर्ग मीटर से अधिक जमीन आवंटित की है।
नोएडा प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि शहर के वाणिज्यिक सेक्टर 62 में भूमि आवंटित की गई है और इस परियोजना से 1,350 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।
अडानी समूह ने पीटीआई को बताया कि नोएडा उन कई स्थानों में से एक है , जहां अडानी समूह देश भर में डाटा सेंटर स्थापित कर रही है। अडानी समूह ने कहा कि उसने देश में “सबसे बड़े डेटा केंद्रों में से एक” स्थापित करने के लिए नोएडा में जमीन खरीदी है।
नोएडा प्राधिकरण ने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और सूचना प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवाओं (आईटीईएस) में निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य के तहत, इस सप्ताह दो भूमि भूखंड आवंटित किए गए हैं।” “अडानी समूह को सेक्टर 62 में 34,275 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है, जहां यह 2,400 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश के साथ एक विश्व स्तरीय डेटा सेंटर विकसित करेगा।
यह परियोजना 1,350 रोजगार के अवसर पैदा करेगी और नोएडा को 103.41 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा। प्राधिकरण ने कहा कि 16,350 वर्ग मीटर का दूसरा भूखंड एमएक्यू इंडिया को सेक्टर 145 में आईटी परियोजनाओं के लिए आवंटित किया गया है, जहां कंपनी से 250 करोड़ रुपये का निवेश करने और लगभग 2,500 लोगों के लिए रोजगार पैदा करने की उम्मीद है।
एक बयान में अडानी समूह ने कहा की नोएडा भारत भर में कई स्थानों में से एक है , जहां हम डेटा केंद्र स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण क्षमता देखते हैं, क्योंकि हम अगले पांच वर्षों में 400 से 500 मेगावाट डेटा सेंटर क्षमता का निर्माण करते हैं।