पालघर माॅब लिंचिंग : सरकार एक्शन ले नहीं तो अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद् करेगा महाराष्ट्र कूच
Abhishek Sharma
महाराष्ट्र के पालघर में साधुओं की मॉब लिंचिंग पर संत समाज समेत पूरे देश में नाराजगी देखने को मिल रही है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद् ने भी इस घटना पर गुस्सा जाहिर किया है।
अखाड़ा परिषद ने कहा है कि महाराष्ट्र में रावण राज चल रहा है और अगर जिम्मेदार लोगों पर एक्शन नहीं होता है तो लॉकडाउन के बाद नागा साधुओं की फौज महाराष्ट्र कूच करेगी। बीजेपी सांसद साक्षी महाराज भी इस घटना से नाराज हैं।
साधुओं की सबसे बड़ी संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्य्क्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा है कि महाराष्ट्र के पालघर में जूना अखाड़े के दो संतों के साथ जो हुआ वो बेहद दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि साधुओं की मौत पर मुझे आश्चर्य है कि यह मनुष्य नहीं कर सकता, राक्षस लोग ही ऐसा कर सकते हैं।
नरेंद्र गिरी महाराज ने ये भी कहा कि महाराष्ट्र में अब रावण राज आ गया है, जहां निर्दोष संत-महात्माओं को मारा जा रहा है, बिना किसी अपराध के मारा जा रहा है। यह घटना निंदनीय है।
हमलावरों को राक्षस बताते हुये नरेंद्र गिरी महाराज ने उन्हें तत्काल गोली मार देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि ये राक्षस हैं और राक्षसों को मारने में कोई पाप नहीं लगता।
बता दें कि पालघर में 16 अप्रैल की रात भीड़ ने दो संतों को पीट-पीटकर मार दिया। कहा जा रहा है कि चोर और डकैतों की अफवाह के चलते इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।