रफ़्तार के शौक़ीन हो जाएं सावधान, यमुना एक्सप्रेस वे पर होने जा रहा है बड़ा बदलाव
ABHISHEK SHARMA
Greater Noida : यमुना एक्सप्रेस-वे पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार पर पंद्रह दिसंबर से ब्रेक लग जाएगा। दरअसल, सर्दियों में एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के कारण होने वाले हादसों की आशंका को समाप्त करने के लिए यमुना प्राधिकरण वाहनों की अधिकतम रफ्तार सीमा को सौ किमी प्रति घंटा से घटाकर अस्सी किमी प्रति घंटा करने जा रहा है।
दो माह के लिए यह व्यवस्था लागू रहेगी। इसके बाद कोहरे की स्थिति को देखते हुए गतिसीमा पर फैसला लिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर हल्के वाहनों के लिए रफ्तार सीमा सौ किमी प्रति घंटा व भारी वाहनों के लिए साठ किमी प्रति घंटा तय है।
एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहन इस गति सीमा का जमकर उल्लंघन करते हैं। जो हादसों की प्रमुख वजह है। वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए चालान व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया है। इसके बावजूद निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन रुका नहीं है।
कोहरे के दौरान एक्सप्रेस-वे पर हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। पूर्व के वर्षों में एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के दौरान वाहनों के आपस में टकराने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। सर्दियों में कोहरे को देखते हुए यमुना प्राधिकरण एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति सीमा को दो माह के लिए कम करने जा रहा है।
पंद्रह दिसंबर से एक्सप्रेस-वे पर अधिकतम गतिसीमा सौ के बजाए अस्सी किमी प्रति घंटा होगी। पंद्रह फरवरी तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इसके बाद मौसम को देखते हुए गति सीमा अस्सी या सौ किमी प्रति घंटा करने का फैसला किया जाएगा।