नोएडा में 120 लोगों से फ्लैट के नाम पर ठगी करने वाला निदेशक सतिंदर सिंह भसीन गिरफ्तार
ABHISHEK SHARMA
उत्तर प्रदेश के नोएडा में कमर्शियल प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर करीब 120 निवेशकों से ठगी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मैसर्स मास्टर एवेन्यू प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सतिंदर सिंह भसीन के रूप में हुई है।
ज्वाइंट सीपी डॉ. ओपी मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने एक विज्ञापन के माध्यम से महज 99 दिन में 33 मंजिला प्रोजेक्ट पूरा करने का झांसा देकर 120 निवेशकों को अपने जाल में फंसाया था और फिर उनसे करोड़ों रुपये की ठगी की थी।
इस संबंध में मोती नगर थाने में एक और ईओडब्ल्यू में चार मुकदमें दर्ज किए गए हैं। जांच के बाद पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया।
डॉ. ओपी मिश्रा ने अधिकारिक बयान में बताया कि पीड़ित जेपी कक्कड़ और अन्यों ने दिल्ली पुलिस से निवेश के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थीं। शिकायत के मुताबिक, मिस्ट एवेन्यू प्राइवेट लिमिटेड ने 2012-2013 में नोएडा सेक्टर-143 में एक कमर्शियल प्रोजेक्ट का विज्ञापन दिया।
दावा था कि महज 99 दिन में 33 मंजिला प्रोजेक्ट पूरा किया जाएगा। निवेशक उसके जाल में फंस गए और मोटी रकम इंवेस्ट कर दी। मगर ठग ने अपने प्रोजेक्ट का नाम मिस्ट एवेन्यू से बदलकर फेस्टिवल सिटी और कंपनी का नाम मिस्ट एवेन्यू लिमिटेड से मिस्ट डायरेक्ट सेल्स प्राइवेट लिमिटेड रख दिया।
कंपनी ने पहले निवेशकों से प्रॉपर्टी 2015 में देने के लिए कहा था। बाद में तारीख बढ़ाकर 2022 कर दी। परेशान होकर निवेशकों ने वर्ष 2018 में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।