ग्रेटर नोएडा में भी पहुंचे जमाती, 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, फिलहाल किए गए क्वॉरेंटाइन

Abhishek Sharma

ग्रेटर नोएडा :– दिल्ली में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले महाराष्ट्र के दस जमातियों को शरण देने और लॉकडाउन के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर घुमाने के आरोप में ग्रेटर नोएडा के 3 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में जमात के कार्यक्रम में शामिल होने वाले 10 लोगों को भी नामजद किया गया है।

सूरजपुर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि सीआरपीसी की धारा 144 के तहत बेगमपुर गांव में रहने वाले 3 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं धारा 144 के तहत पांच महिला एवं पांच पुरुष जमातियों  का भी नाम प्राथमिकी में दर्ज किया गया है।

बता दें कि अब तक दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज में आयोजित तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शिरकत करने वाले सैंकड़ों लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिन दस लोगों (तबलीगी जमात सदस्यों) के नाम प्राथमिकी में शामिल किये गए हैं , वे पांच शादीशुदा दंपत्ति हैं और महाराष्ट्र के ओस्मानाबंद के रहने वाले हैं। उन्हें ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के बेगमपुर गांव में आश्रय दिया गया था।

पुलिस उपायुक्त हरीश चंद्र ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकी दर्ज की गयी है। फिलहाल इन सभी लोगों को ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में क्वॉरेंटाइन में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार जिन स्थानीय निवासियों के नाम प्राथमिकी में हैं, वे इमाम मोहम्मद, राज मोहम्मद और नाजिम हैं। उन्होंने इन दस लोगों को आश्रय दिया एवं उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर लेकर गये। उन्होंने बताया कि तबलीगी जमात के सदस्यों को शरण देने वाले इमामों की तलाश की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.