दिल्ली : अस्पतालों में संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने काली पट्टी बांधकर जताया रोष , हड़ताल की दी चेतावनी
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच नौकरी में नियमित करने और चिकित्सा सुविधा व छुट्टी देने की मांग को लेकर सरकारी अस्पतालों में कार्यरत संविदा कर्मचारी आज काली पट्टी बांधकर अपना रोष जता रहे हैं।
विभिन्न अस्पतालों में सुबह से ही पैरामेडिकल और नर्सिंग विभाग से जुड़े कर्मचारी इसी तरह से काम भी कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन का आह्वान दिल्ली स्टेट कांट्रैक्चुअल इंप्लाई एसोसिएशन ने किया है। इसे दिल्ली स्टेट पैरामेडिकल टेक्नीकल इंप्लाई फेडरेशन और दिल्ली नर्सेज फेडरेशन ने भी समर्थन दिया है।
दिल्ली स्टेट कांट्रैक्चुअल इंप्लाई एसोसिएशन के महासचिव गुलाब रब्बानी ने बताया कि कोर्ट ने सभी संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने का आदेश दिया था। इस पर आज तक अमल नहीं हुआ है। कोरोना के संक्रमण के दौरान सभी संविदा कर्मी भी स्थायी कर्मचारियों की तरह सेवा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें स्थायी कर्मचारियों की तरह सुविधा नहीं मिल रही है।
न तो संविदा कर्मियों के पास मेडिकल कार्ड है और न ही उन्हें इलाज या क्वारंटाइन रहने के दौरान छुट्टी प्रदान की जा रही है। जबकि संविदा कर्मचारी भी संक्रमण की चपेट में लगातार आ रहे हैं।
दिल्ली नर्सेज फेडरेशन के महासचिव एलडी रामचंदानी और उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार का कहना है कि सरकार जल्द से जल्द इन मांगों को पूरा करे। इस प्रदर्शन के बाद भी कोई कोई कार्रवाई नहीं हुई तो जल्द ही हड़ताल भी किया जा सकता है। बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में कर्मचारी हड़ताल पर गए तो दिल्ली में बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
गौरतलब है कि दिल्ली में रोजाना कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। फिलहाल दिल्ली में कोरोना की कुल मरीजों की संख्या 44 हजार के पार हो गई है। इससे दिल्ली सरकार की चिंता बढ़ती जा रही है।