इस जिले में बन रहा यूपी का पहला डिटेंशन सेंटर, विदेशी जमातियों को रखा जाएगा
Abhishek Sharma
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पहला डिटेंशन सेंटर खुलने जा रहा है। दावा है कि यह देश का 11वां डिटेंशन सेंटर होगा। केंद्र सरकार से इसके लिए बजट जारी हुआ है।
इस डिटेंशन सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शुरुआत में यहां उन विदेशी जमातियों को रखने की तैयारी है, जो वीजा शर्तों का उल्लंघन कर भारत में आए हुए हैं।
मिडिया रिपोर्टस के मुताबिक, यह डिटेंशन सेंटर गाजियाबाद में सिहानी थाना क्षेत्र में नंदग्राम स्थित एक हॉस्टल में बनाया जा रहा है। पूर्व में यह जमीन उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग की थी। बाद में इस जमीन पर अम्बेडकर हॉस्टल बना दिया गया।
बता दें कि पिछले कई साल से यह हॉस्टल बंद है। बिल्डिंग भी जर्जर और खंडहर हो चुकी है। इस बिल्डिंग को डिटेंशन सेंटर बनाने का जिम्मा मेरठ की निर्माण एजेंसी को मिला है। बकायदा इसके लिए भारत सरकार से बजट मिला है।
निर्माण के लिए जो कमेटी बनाई गई है, उसमें मेरठ के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। बताया गया है इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
बिल्डिंग की मरम्मत के साथ यहां बिजली-पानी और जरूरी सुविधाओं को रखा गया है, ताकि यहां रुकने वालों को दिक्कत न हो। इस डिटेंशन सेंटर में तीन बड़े हॉल बनाए गए हैं। यहां एक वक्त में करीब 100 लोगों को रखा जा सकता है।