ग्रेटर नोएडा : बिजली विभाग के कैशियर से दिनदहाड़े 7 लाख की लूट

ABHISHEK SHARMA

Greater Noida (02/10/2019) : ग्रेटर नोएडा : दादरी कोतवाली क्षेत्र के नवीन सब्जी मंडी के पास बाइक सवार बदमाशों ने बिजली विभाग के कैशियर से दिनदहाड़े सात लाख रुपये लूट लिए। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। यह वारदात दोपहर बाद उस समय हुई, जब कैशियर तीन दिनों का कलेक्शन लेकर बड़े बिजलीघर में जमा करने जा रहा था।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शक के आधार पर पुलिस ने कैशियर और उसके साथ जा रहे दोस्त को हिरासत में लिया है। ट्रेनी आईपीएस श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि दादरी कोतवाली के पास ही छोटा बिजलीघर है, बिल जमा करने का एक काउन्टर है। वहां पर तरुण कुमार नाम का कैशियर तैनात है।



सोमवार को कैश काउन्टर बंद होने के बाद तरुण एक बैग में सात लाख रुपये रखकर बाइक से अपने दोस्त के साथ धूममानिकपुर स्थित बड़े बिजलीघर में जमा करने जा रहा था। कैशियर का कहना है कि जैसे ही वह नवीन सब्जी मंडी के पास पहुंचा, पीछे से आई एक बाइक पर सवार दो लोग बैग छीनकर फरार हो गए। बताया जाता है कि कैशियर तरुण के साथ जा रहा युवक बिजली विभाग का कर्मचारी नहीं, तरुण का दोस्त है।

उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से लुटेरों का पता लगाने की कोशिश में लगी है। शुरुआती जांच में पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। उसने कैशियर और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.