ग्रेटर नोएडा : भाई के साथ जा रही बीए की छात्रा से मनचलों ने की छेड़छाड़, पुलिस जाँच में जुटी
Ten News Network
ग्रेटर नोएडा :– ग्रेटर नोएडा के दादरी में एक बड़ी घटना सामने आई है, आपको बता दें कि भाई के साथ जा रही बीए की छात्रा से कार सवार मनचलों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर छात्रा को कार में खींचने का प्रयास किया।
छात्रा के भाई ने आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया, तो एक अन्य गाड़ी पीछे से आई जिसमें तीन आरोपित बैठ कर फरार हो गए। एक को लोगों की भीड़ ने पकड़ लिया।
आरोपित अपनी गाड़ी छोड़ गए। भीड़ ने गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। पकड़े गए आरोपित को पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख में रहने वाली बीए तृतीय वर्ष की छात्रा भाई व भाई के दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दादरी से घर जा रही थी। जीटी रोड पर मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया। तीनों पैदल मोटरसाइकिल लेकर पेट्रोल पंप की तरफ जा रहे थे।
जीटी रोड पर एनटीपीसी कट के समीप पीछे से कार में सवार होकर आए तीन युवकों ने छात्रा पर अश्लील कमेंट किए। विरोध करने पर कार में खींचने का प्रयास किया। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ एकत्र हुई। छात्रा के भाई के दोस्त ने आरोपितों की कार की चाबी छीन ली। आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी।
तभी चौथा युवक पीछे से एक स्कार्पियो लेकर आया। एक आरोपित को लोगों ने पकड़ लिया जबकि अन्य स्कार्पियो में बैठ कर फरार हो गए। डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।