दिल्ली में बढ़ते प्रदुषण को रोकने के लिए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने वाटर स्प्रिंकलिंग टैंकर्स को दिखाई हरी झंडी
दिल्ली में बढ़ते प्रदुषण को रोकने के लिए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज वाटर स्प्रिंकलिंग टैंकर्स को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस टैंकर से पूरी दिल्ली में पानी का छिड़काव किया जाएगा।
दिल्ली में बढ़ते प्रदुषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने ये शुरुआत की है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा की हम सियासत नहीं समाधान की बात करते हैं। आपको बतादें की दिवाली पर दिल्ली में बैन के बाबजूद खूब पटाखे जले जिसके कारण पूरे दिल्ली में धुंध फैल गया है, जिसके कारण हवा की गुणवत्ता बहुत हीं खराब लेवल में पहुंच गयी है।
गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। राय ने बताया कि हमने पहले ही निर्माण कार्य और पटाखों पर प्रतिबंध जैसी घोषणाएं की थी, लेकिन दिल्लीवालों ने इन मानदंडों का उल्लंघन किया। पर्यावरण मंत्री ने बताया कि दिल्ली में 92 निर्माण स्थलों पर हमने प्रतिबंध लगा दिया है।
आपको बता दें कि गोपाल राय ने इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया था। गोपाल राय ने कहा था कि दिवाली की रात बीजेपी के लोगों ने जानबूझकर पटाखे चलवाए हैं ताकि दिल्ली सरकार को बदनाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि हम उन दिल्लीवासियों को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने बम पटाखे नहीं चलाएं। कुछ थोड़े से लोगों ने बम पटाखे चलाए, जिसका असर दिल्ली के प्रदूषण पर दिखा है। बीजेपी नेताओं ने जानबूझकर जनता को उकसाया कि त्यौहार है बम जलाने से कुछ नहीं होगा।