बडी खबर : यादव सिंह का बेटा सनी यादव बर्खास्त, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में था मैनेजर
ABHISHEK SHARMA
ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर रहे यादव सिंह के बेटे सनी यादव को प्रदेश सरकार ने बर्खास्त कर दिया है। सनी यादव ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के परियोजना विभाग में प्रबंधक था।
बता दें कि यादव सिंह पर सीबीआई जांच और धरपकड़ के दौरान वह बिना बताए दफ्तर से गायब हो गया था। उस वक्त उसे निलंबित किया गया था। सीबीआई ने यादव सिंह के घोटालों और आय से अधिक संपत्ति के मामले में सन्नी को भी आरोपी बनाया है।
आरोप है कि यादव सिंह के रसूख के चलते सन्नी यादव ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में नौकरी हासिल की थी। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में सन्नी यादव की तूती बोलती थी।
करीब 2 साल पहले सनी यादव, उनकी पत्नी और मां के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद सनी यादव ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण को कोई भी जानकारी दिए बिना गायब हो गया था।
इस पूरे प्रकरण की जांच करने के लिए ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने एसीईओ कृष्णकांत गुप्त को जांच सौंपी थी।
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के एसीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर सीईओ ने शासन से सनी यादव को बर्खास्त करने की सिफारिश की थी। उस सिफारिश के आधार पर मंगलवार को शासन ने सनी यादव को बर्खास्त कर दिया है।
