सैमसंग कंपनी गौतमबुद्धनगर में लगाएगी दो लाख पौधे, एमओयू पर किए हस्ताक्षर
Abhishek Sharma / Rahul Kumar Jha
दक्षिण कोरिया की कंपनी सैमसंग इंडिया गौतमबुद्धनगर में सीएसआर गतिविधियों के तहत 71,450 वर्गमीटर क्षेत्रफल में करीब दो लाख पौधे लगायेगी। ये पौधे मियावाकी विधि (जापानी विधि) द्वारा लगाये जाएंगे। सैमसंग इंडिया के प्रबंध निदेशक एम.एस.चेंग तथा गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी बीएन सिंह के बीच पौधारोपण के लिये सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये।
गौतम बुध नगर के जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि सैमसंग इंडिया सीएसआर के तहत ग्राम नंगला चमरू में मियावाकी विधि से पौधारोपण कर घना जंगल विकसित करेगी। कंपनी 10 वर्ष तक पौधों की सुरक्षा, सिंचाई तथा देखभाल समेत सभी अनुरक्षण कार्य भी करेगी।
उन्होंने बताया कि इसके पूर्व जिला प्रशासन ने डा0 विलमर श्वाबे कंपनी के सहयोग से सूरजपुर में, एचसीएल फाउंडेशन द्वारा ग्राम सोरखा जाहिदाबाद में, रोटरी क्लब अशोका द्वारा ग्राम डाढा, सुथियाना तथा लखनावली में एक लाख वर्ग मीटर में, हल्दीराम एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा जेवर में 3,73,531 वर्ग मीटर में तथा सरोवर एग्रो फार्म एंड बायो गैस प्रा. लि. द्वारा यूपीएसआईडीए की साइट सी पर पौधारोपण किया गया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि गौतमबुद्धनगर सर्वाधिक हरेभरे पेड़ पौधों वाला प्रदेश का प्रथम जनपद बने। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला वन अधिकारी पीके श्रीवास्तव समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।