ढाई साल से फरार गैंगस्टर नोएडा से गिरफ्तार, रची थी अपने अपहरण की झूठी कहानी
ABHISHEK SHARMA
ढाई साल पहले खुद के अपहरण की साजिश रचने के वाला हाइप्रोफाइल गैंगस्टर संजीव गुप्ता को पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार सुबह पुलिस उसे लेकर फीरोजाबाद के नागलसिंघी थाने पहुंची।
आगरा के पड़ोसी जिले फीरोजाबाद की पॉश कॉलोनी ऑर्चिड ग्रीन में रहने वाले बीसी किंग संजीव ने 2017 में खुद के अपहरण की साजिश रची थी। दो दिन बाद वाट्सएप पर सौ करोड़ की फिरौती मांगी गई। इसके बाद यूपी एसटीएफ और फीरोजाबाद पुलिस ने उसे हरियाणा पानीपत के होटल से गिरफ्तार किया था।
साजिश में शामिल संजीव उसकी पत्नी सारिका और साले को पुलिस ने जेल भेजा था। पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की। लगभग दस महीने बाद जमानत पर छूटा और परिवार के साथ फीरोजाबाद से गायब हो गया।
कोर्ट में पेशी से गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने वारंट जारी किए और पुलिस ने दस हजार का इनाम घोषित किया। इसके बाद उसके घर की कुर्की हुई थी। कुख्यात विकास दुबे के साथ हुई मुठभेड़ के बाद से प्रदेश पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
कुख्यातों और वांछितों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाए जा रहे हैं। मुठभेड़ों में लगातार अपराधियों को गिरफ्तार किया जा रहा है या एनकाउंटर में उन्हें मार गिराया जा रहा है। कानपुर कांड के बाद शुरू हुई कार्रवाई में नगला सिंघी पुलिस नोएडा से पकड़कर लाई है। इंसपेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि गैंगस्टर को कोर्ट में पेश किया जाएगा।