गाजियाबाद : पत्रकार को गोली मारी, भांजी से छेडछाड का किया था विरोध
ABHISHEK SHARMA
यूपी के गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में बीती रात एक पत्रकार को बाइक पर आए तकरीबन आधा दर्जन बदमाशों ने मारपीट करने के बाद उसे गोली मार दी। गोली उसके सिर में मारी गई है, जिसे गंभीर अवस्था में शहर के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पत्रकार की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अफसर भी यशोदा अस्पताल में पहुंचे और घटना के संबंध में परिजन से बातचीत की। इस घटना में परिजन की तरफ से 3 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बाकी फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया है कि परिजन से बातचीत के बाद उन्हें ठोस जानकारी मिली है और उसी के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
घायल पत्रकार विक्रम जोशी के भाई अनिकेत जोशी ने बताया कि तीन दिन पहले आरोपी युवकों ने उनकी भांजी पर अश्लील फब्तियां कसी थी, जिसको लेकर मारपीट भी हुई थी। भांजी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना की बाबत रिपोर्ट विजय नगर थाने में दर्ज कराई थी।
जिसके बाद से उपरोक्त घटनाक्रम में आरोपी युवक लगातार धमकी दे रहे थे। मुकदमा होने के 3 दिन बाद तक उनके खिलाफ पुलिस द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं की गई। इसी का नतीजा था कि उन्होंने विक्रम को घेरकर गोली मार दी।