यमुना प्राधिकरण में बनेंगे मैट्रो कोच, 12 कंपनियों को जमीन आवंटित
ABHISHEK SHARMA
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अब भारतीय कंपनी मेट्रो कोच बनाएगी। मेट्रो कोच बनाने वाली यह उत्तर प्रदेश की पहली इकाई है। यमुना प्राधिकरण ने बुधवार को ऑनलाइन साक्षात्कार से 12 कंपनियों को भूमि आवंटित की है।
जिन कंपनियों को जमीन आवंटित की गई है उससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में करीब 248 करोड़ रुपये का निवेश होगा। वहीं, 12 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि पीपीएस इंटरनेशनल कंपनी को 20 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। मेड इन इंडिया और मेक इन इंडिया के तर्ज पर भारतीय कंपनी मेट्रो कोच बनाएगी।
यह कंपनी मेट्रो लाइट व मेट्रो न्यू कोच बनाएगी। जर्मन तकनीक के आधार पर स्टेनलेस स्टील के कोच बनेंगे। देश में अब इन्हीं कोचों से मेट्रो दौड़ेगी। हालांकि, यह कोच वर्तमान में चल रहे मेट्रो कोच से छोटे होंगे, लेकिन इनकी गति पहले जैसी ही रहेगी।
कंपनी शुरुआती दौर में यहां 115 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके जरिए यहां 500 लोगों को सीधे तौर पर रोजगार मिलेगा। कंपनी वर्तमान में भारतीय रेल के लिए ओवरहेड इलेक्ट्रिसिटी केबल, केंटिलिवर, इलेक्ट्रिक प्लग्स आदि बनाती है।