नाबालिग का दुष्कर्म कर बनाई वीडियो, ब्लैकमेल कर मांग रहे थे 6 लाख रूपये, पुलिस ने किए गिरफ्तार
ABHISHEK SHARMA
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरोपित ने एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बनाई। आरोप है कि वीडियो बनाकर आरोपित नाबालिग को ब्लैकमेल कर रहा था। वह नाबालिग से वीडियो डिलीट करने के लिए छह लाख रुपये की मांग कर रहा है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की पहचान ऑटो चालक अर्जुन से थी। अर्जुन ने पीड़िता की मुलाकात फरमान से कराई। बाद में दोनों दोस्त बन गए।
पीड़िता का आरोप है कि फरमान उसे धोखे से एक कमरे में ले गया। जहां ले जाकर फरमान ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक इस दौरान फरमान ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली थी। पीड़िता का आरोप है कि फरमान ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद फरमान और अर्जुन दोनों मिलकर पी़ड़िता को ब्लैकमेल करने लगे और पीड़िता से वीडियो डिलीट करने के नाम पर छह लाख रुपये की मांग करने लगा। पैसे नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने मामले की जानकारी अर्जुन को दी। फरमान ने अर्जुन से भी कहा कि उसे छह लाख रुपये चाहिए।
आरोप है कि अर्जुन और फरमान दोनों मिलकर पीड़िता को छह लाख रूपये देने के लिए दबाव बनाने लगे। मामले की शिकायत पीड़िता ने पुलिस में की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है।