जिम ट्रेनर जितेंद्र को गोली मारने के मामले पर चढ़ने लगा सियासी रंग, सपा पार्टी ने नोएडा बंद करने की दी धमकी
ROHIT SHARMA / JITENDER PAL
(05/02/18) नोएडा :–
जिम ट्रेनर जितेंद्र यादव को गोली मारने के मामले पर अब सियासी रंग चढ़ने लगा है। सपा यूथ ब्रिगेड की महानगर इकाई ने सोमवार को भाजपा सरकार का पुलता फूंका। पार्टी नेताओं ने धमकी दी कि अगर फर्जी एन्काउन्टर बंद नहीं हुआ और पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो नोएडा बंद किया जाएगा।
भाजपा सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते ये समाजवादी पार्टी के यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता हैं। थाना फेज-तीन में तैनात ट्रेनी दरोगा विजय दर्शन शर्मा ने शनिवार की रात बहन की सगाई कर लौट रहे पर्थला गांव के रहने वाले जितेंद्र यादव को अपनी प्राइवेट कार में जबरन डाल कर गोली मार दी थी। जितेंद्र अभी नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पार्टी नेता ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस निरंकुश हो गई है और निर्दोषों का फर्जी एनकाउन्टर कर रही है। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यूथ ब्रिगेड के सदस्यों ने सेक्टर-71 के चौराहे पर सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, अपराध के नाम पर निर्दोष लोगों के एन्काउन्टर का सिलसिला ही चल पड़ा है। अब अगर फर्जी एन्काउन्टर बंद नहीं हुए और जितेंद्र यादव को गोली मारने वाले दरोगा पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे नोएडा बंद करेंगे।