नोएडा : बीजेपी नेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कार्यकर्ताओं ने किया थाने का घेराव, सोशल डिस्टेंसिंग की उडी धज्जियां*
Abhishek Sharma
नोएडा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ सड़क पर उतर आए हैं। भाजपा कार्यकर्ता बृहस्पतिवार सुबह से नोएडा सेक्टर-24 थाने के बाहर बैठे हैं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
उनका कहना है कि नोएडा में पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं का बेवजह उत्पीड़न कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यूपी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम करनी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा में भाजपा कार्यकर्ता के उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता नोएडा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल लिया है। बृहस्पतिवार सुबह मनोज गुप्ता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर 24 थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं।
महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता का आरोप कि सेक्टर 24 पुलिस भाजपा के पूर्व पदाधिकारी नरेश शर्मा का उत्पीड़न कर रही है।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता नरेश को नोएडा पुलिस ने बृहस्पतिवार को ही किसी मामले में पकड़ा है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मनोज गुप्ता की मानें तो पुलिस कार्यकर्ताओं की बात तक नहीं सुनती है। समस्याओं को लेकर फोन तक नहीं उठाती है। उनका कहना है कि नोएडा पुलिस मासूम और बेकसूर लोगों को फंसाने में जुटी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ाते नजर आए, ज्यादातर कार्यकर्ताओं ने तो मास्क तक नहीं लगा रखे हैं। बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण के प्रभाव और खतरे के मद्देनजर शारीरिक दूरी के नियम को अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, मास्क लगाना भी सभी लोगों के लिए अनिवार्य है।
वहीं इस मामलें में एडीसीपी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि नरेश शर्मा को किराएदार के साथ मारपीट करने और पुलिस पर झूठे आरोप लगाने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी की है।