नोएडा के सबसे बड़े कोविड-19 अस्पताल की 15 जून से शुरुआत होने की उम्मीद
Abhishek Sharma
लॉकडाउन के बीच नोएडा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर आई है। जल्द ही नोएडावासियों को सेक्टर-39 स्थित नए जिला अस्पताल में एक नया कोविड-19 हॉस्पिटल मिलने वाला है। कहा जा रहा है कि इस नए अस्पताल में आगामी 15 जून से नोएडा का सबसे बड़ा कोविड-19 हॉस्पिटल भी शुरू हो जाएगा।
इससे कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में और आसानी होगी। फिलहाल, नोएडा में 50 बेड का एक कोविड अस्पताल है। जबकि ग्रेटर नोएडा के जिम्स में 150 और शारदा में 200 बेड के आइसोलेशन वार्ड की सुविधा उपलब्ध है।
जानकारी के मुताबिक, इस नए अस्पताल को टाटा कंपनी बना रही है। इसमें 200 बेड होंगे. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अस्पताल का उद्घाटन कर सकते हैं।
दरअसल, नए जिला अस्पताल में कोविड-19 अस्पताल जून महीने में पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना थी। लेकिन प्राधिकरण से हैंड ओवर नहीं होने के कारण देर से काम शुरू हुआ। अब 15 जून तक नए कोविड-19 अस्पताल को शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं, शारदा अस्पताल में 200 बेड का एक और आइसोलेशन वार्ड तैयार करने की योजना बनाई गई है। कोरोना संक्रमित मरीजों की लगातार संख्या में हो रही वृद्धि को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।