ग्रेटर नोएडा : पुलिस एनकाउंटर में 25 हजार के इनामी बदमाश को लगी गोली, 1 साथी फरार
ABHISHEK SHARMA
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बदमाश खुलेआम अपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। जिसके खिलाफ पुलिस ने ‘आॅपरेशन क्लीन’ चला रखा है।
इसी कडी में थाना नॉलेज पार्क पुलिस और बदमाशों के बीच बीती देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया है।
अपर पुलिस उपायुक्त विशाल पांडे ने बयान जारी करते हुए बताया कि थाना नॉलेज पार्क पुलिस सोमवार देर रात चेकिंग कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए।
यह देख पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अबरार निवासी दनकौर नामक बदमाश के पैर में लगी है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गये बदमाश पर लूटपाट व डकैती के कई मामले पूर्व में दर्ज हैं. उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उसके फरार साथी सलमान की पुलिस तलाश कर रही है।