दिल्ली से यूपी-बिहार जाने के लिए निकले मजदूर, पुलिस ने रोक कर फिर से कमरे पर पहुंचा दिया

Rohit Sharma

नई दिल्ली :– देश की राजधानी दिल्ली से उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी मजदूरों का पलायन लगातार जारी है। जो ट्रेन से नहीं जा पा रहे वे पैदल ही सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने गृहजिलों के लिए निकल पड़े हैं।

वहीं उन्हें गाजियाबाद में रोक लिया गया है और वापस दिल्ली के शेल्टर होम में भेजा जा रहा है। ज्यादातर प्रवासी मजदूरों का कहना है कि उनके पास बिल्कुल भी पैसे नहीं हैं, खाने के लिए क्या  इंतजाम करेंगे। मकान का किराया तक नहीं दे पा रहे हैं। हम किसी भी तरह घर जाना चाहते हैं, लेकिन हमारे लिए न तो ट्रेनें चलाई गई हैं और न ही बस।

बता दें कि इससे पहले शनिवार को दिल्ली में विभिन्न जगहों पर बनाए गए रैनबसेरों से लोगों को उन्हें गृह राज्य क्षेत्र में बस और ट्रेन से ले जाने की खबर पढ़कर कई लोग पैदल ही नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर चल दिए।

मोती नगर से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक रास्ता तो तय कर लिया, लेकिन जब पुलिस ने आगे नहीं जाने दिया तो वे पैदल ही बिहार की ओर चल दिए। 26 लोगों के इस गुट को मंडी हाउस के नजदीक पुलिस ने रोक लिया। जब इन्होंने पैदल अपने गांव बिहार जाने की बात कही तो पुलिस ने इन लोगों को पहले खाना और पानी उपलब्ध कराया और फिर बस से दिल्ली में मोती नगर स्थित इनके निवास स्थान पर पहुंचा दिया।

व्यक्ति ने बताया कि वे गार्ड की नौकरी करते हैं। लॉकडाउन था तो सोचा कि बस व ट्रेन मिल जाएगी, लेकिन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद पता चला कि प्रशासन की ओर से तय किए गए लोगों को ही बस या ट्रेन में भेजा जा रहा है। इसलिए वे पैदल ही बिहार जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने रोक लिया और फिर से कमरे पर छोड़ दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.