ग्रेटर नोएडा वासियों के लिए खुशखबरी, 12 घंटे मिलेगा पानी
Abhishek Sharma
ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लाखों लोगों के लिए खुशखबरी है। दरअसल, अब शहर के लाखों लोगों को 8 के बजाय 12 घंटे पानी मिलेगा। इस बाबत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सीईओ नरेंद्र भूषण ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर यह निर्देश दिए।
उन्होंने कहा है कि शहरवासियों को पर्याप्त पानी मिलना चाहिए। सीईओ ने सभी सेक्टरों के पार्कों में अभियान चलाकर बेहतर रखरखाव व पंद्रह दिन के अंदर सभी जगह सीवर लाइन की सफाई करने के भी निर्देश दिए।
ग्रेटर नोएडा में सुबह छह बजे से दस व शाम को भी छह से रात दस बजे तक जलापूर्ति होती है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के चलते देश में इस समय लॉकडाउन है। इससे सभी लोग घरों में रह रहे हैं।
दिनभर घरों में रहने के कारण लोगों को अधिक पानी की आवश्यकता पड़ सकती है। सीईओ ने कहा कि लोगों को पानी की कमी नहीं पड़नी चाहिए, इसलिए जलापूर्ति को सुबह-शाम दो-दो घंटे और बढ़ा दिया जाए।