नोएडा पुलिस की मुठभेड़ में शातिर बदमाश कृष्णा गिरफ्तार, लम्बे समय से था फरार
ROHIT SHARMA
नोएडा पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने के लिए लगातार धरपकड़ कर रही है। नोएडा पुलिस बदमाशों का सफाया करने की हरसंभव कोशिश में जुटी हुई है। इसी क्रम में बीती रात पुलिस और शातिर वांछित बदमाश से मुठभेड़ हो गयी जिसमे कई मुकदमों में वांछित चल रहा शातिर बदमाश कृष्णा गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, बीती रात नोएडा थाना सेक्टर 20 पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बदमाश कृष्णा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है, तभी पुलिस ने चैकिंग के दौरान सेक्टर 29 चौराहे पर आते देख इसे रोका, लेकिन बदमाश पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए भागने लगा।

वही, पुलिस द्वारा जबावी फायरिंग मे बदमाश कृष्णा के पैर में गोली लग गई और घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आपको बता दें कि बदमाश कृष्णा कई आपराधिक मुकद्दमों में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने इसके पास से 01 लैपटाॅप, एक तमंचा 315 बोर , 03 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस व लूट की मोटर साइकिल बरामद की है। साथ ही पुलिस द्वारा बदमाश कृष्णा के आपराधिक इतिहास खंगालने में जुट गई है।
बदमाश कृष्णा मूल निवासी सलेम दादिकाबेटी तमिलनाडू हाल पता मदनपुर खादर जे.जे. कालौनी दिल्ली का निवासी है। वही इस मामले में एसपी सिटी अंकुर अग्रवाल का कहना है कि थाना 20 पुलिस ने शातिर बदमाश कृष्णा को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।
साथ ही उनका कहना है की बदमाश द्वारा पुलिस पर फायरिंग की गई , जवाबी फायरिंग में कृष्णा घायल हो गया है , जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। अंकुर अग्रवाल ने बताया कि बदमाश के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज है। लूट, चोरी और हत्या जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहा था। अभी आरोपी से पूछताछ चल रही है , बहुत से मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।