ग्रेटर नोएडा : क्वाॅरंटीन सेंटर से भागा युवक आया पुलिस की गिरफ्त में, फिर किया क्वाॅरंटीन

Abhishek Sharma

ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया काॅलेज के क्वाॅरंटीन सेंटर से 22 अप्रैल को फरार हुआ टप्पल थाना क्षेत्र के गांव मौर का युवक शुक्रवार को गांव से ही पकड़ा गया। पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलीगढ़ प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करके उसे पकड़ा।

प्रशासन युवक को अपने साथ ले गया। इधर, जिला प्रशासन ने पूरे गांव को सैनिटाइज कराया। इसके साथ ही युवक के संपर्क में आए परिवार वालों सहित कुल 25 लोगों को क्वारंटीन किया। इस कार्रवाई से गांव में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा।

हालांकि देर रात को नोएडा प्रशासन ने अलीगढ़ प्रशासन को युवक की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने की राहत भरी खबर दी। एहतियातन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में डेरा जमाए हुए है।

युवक के संपर्क में अन्य 10 लोगों के भी आने की सूचना है। पकड़ में आते ही उनको भी क्वारंटीन किया जाएगा। टप्पल के गांव मौर का एक युवक नोएडा के एक होटल में नौकरी करता है। लॉक डाउन होने के कारण वह वहां फंस गया।

पिछले दिनों वह अपने एक साथी के साथ पैदल ही घर आने को निकल आया। ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे गलगोटिया क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कर दिया गया। दोनों की जांच को सैंपल भेजा गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.