ग्रेटर नोएडा : टोल टैक्स की पर्ची के सहारे पुलिस ने ऐसे किया ट्रक चालक की हत्या का खुलासा
ABHISHEK SHARMA
गौतमबुद्ध नगर में बढ़ते अपराध के बीच पुलिस की सूझबूझ से एक हत्याकांड का खुलासा हुआ है। ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने एक टोल टैक्स की पर्ची के सहारे हत्याकांड का खुलासा किया है।
दरअसल पुलिस को मृतक की जेब से टोल टैक्स की पर्ची बरामद हुई थी। जिसके सहारे पुलिस ने पड़ताल की और कातिलों को खोज निकाला। बता दें कि मामला कसना थाना क्षेत्र के सलेमपुर नहर में मिला अज्ञात शव का है।
यहां पुलिस को शव की पेंट की जेब में एक टोल की पर्ची मिली थी। इसी के सहारे पुलिस मृतक की पहचान कर उसकी हत्या में शामिल तीन बदमाशों तक पहुंची।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार तथा ट्रक के कागजात भी बरामद किए हैं।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी राजेश कुमार सिंह ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि कासना थाना क्षेत्र में स्थित सलेमपुर नहर में 5 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। शव सड़ी गली अवस्था में था। जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस को शव की पेंट की जेब में केवल एक टोल टैक्स की पर्ची मिली थी जो कि पलवल पेरिफेरल हाईवे टोल की थी। इस पर्ची के सारे पुलिस को मृतक के हत्यारे अजय पाल, सोनू और शकील को घंघौला के पास से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है